भोपाल, 25 जुलाई।
भोपाल बार काउंसिल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने पदभार संभालने के बाद अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने वकीलों की सुरक्षा, हेल्थ इंश्योरेंस, बार काउंसिल भवन में कथित अनियमितताओं की जांच और अधिवक्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल करने की घोषणा की।
मीडिया से चर्चा के दौरान रावत ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद परिषद के सदस्यों के साथ बैठक कर अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए युवा वकीलों की एक विशेष समिति बनाई जाएगी, जो हेल्थ इंश्योरेंस योजना पर काम करेगी। इसके अलावा बार काउंसिल भवन के निर्माण से जुड़ी शिकायतों और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र रावत ने अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए सहयोग व्यवस्था विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी वकील के परिवार पर संकट आने की स्थिति में बार काउंसिल सहायता के लिए आगे आएगी। साथ ही वकीलों के साथ अभद्र व्यवहार या हाथापाई की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष निगरानी समितियां गठित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सीधे एफआईआर दर्ज करने जैसे मामलों पर पुलिस प्रशासन से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षा कानून और संरक्षण संबंधी मांग भी रखी जाएगी। रावत ने बताया कि भोपाल में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और बैठने की समस्या के समाधान हेतु लंबित भवन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में अधिक संख्या में वकीलों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।














