अनूपपुर, 25 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पांच दिन से लापता एक बुजुर्ग का शव केवई नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिजुरी थाना क्षेत्र के तरसीली गांव निवासी रामपति साहू (54) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रामपति साहू का शव शुक्रवार शाम सीतामढ़ी पिकनिक स्पॉट के पास कलधवा गांव के निकट केवई नदी में बहता हुआ मिला। एक ग्रामीण की सूचना पर उनके बेटे ने कोतमा पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक अजय तोमर ने बताया कि परिजनों के अनुसार रामपति साहू मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। वह रोजाना काम के लिए तरसीली से छुलहा गांव पैदल आते-जाते थे और रास्ते में केवई नदी पार करते थे। पिछले पांच दिनों से उनके लापता होने के बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। हालांकि, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर परिजनों की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। नदी में बहने के कारण शरीर पर कुछ खरोंचें जरूर पाई गई हैं। प्रारंभिक आशंका है कि नदी पार करते समय तेज बहाव में बह जाने से उनकी मौत हुई होगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।















