Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
25 Jul, 2026

सांची से शुरू हुआ स्वच्छ पर्यटन अभियान, हर माह चलेगा जनभागीदारी अभियान

सांची में आयोजित स्वच्छ पर्यटन अभियान के तहत श्रमदान, स्वच्छता शपथ, डस्टबिन स्थापना और कपड़े के थैलों के वितरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

भोपाल, 25 जुलाई।

विश्व धरोहर स्थल सांची में शनिवार को ‘स्वच्छ पर्यटन अभियान’ के तहत जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, ग्राम पंचायत, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि सांची से शुरू हुआ यह अभियान प्रदेश में स्वच्छ पर्यटन को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि अब हर महीने प्रदेश के किसी एक प्रमुख पर्यटन स्थल पर इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना था कि उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल राज्य बनाने की दिशा में कार्य करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। इसके बाद सांची स्तूप परिसर में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए परिसर में नए डस्टबिन लगाए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आसपास के दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित किए गए और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने जंबू द्वीप पार्क तक स्वच्छता पैदल मार्च निकालकर जिम्मेदार पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

नई पीढ़ी को स्वच्छता से जोड़ने के उद्देश्य से उत्कृष्ट विद्यालय, सांची में ‘स्वच्छ पर्यटन–स्वच्छ भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आईएटीओ के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल देश की सकारात्मक वैश्विक छवि को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय समुदाय, पर्यटक और प्रशासन की साझी भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, पर्यटन विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। नये-नये व्यापारिक अनुबंध होंगे। किसी से वाद-विवाद अथवा कहासुनी होने का भय रहेगा। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जल्दबाजी में कोई भूल संभव है। आय-व्यय की स्थिति समान्य रहेगी। शुभांक-5-7-8

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़