सिलीगुड़ी, 25 जुलाई।
न्यू जलपाईगुड़ी जीआरपी और सिलीगुड़ी हेडक्वार्टर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त कार्रवाई में अप कंचनजंघा एक्सप्रेस से भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में त्रिपुरा निवासी दो कथित तस्करों मोहम्मद सोजाज और नाहिमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी ट्रेन में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान जनरल कोच में मौजूद दो ट्रॉली बैग और दो बैकपैक की तलाशी ली गई, जिनसे कुल 159 बोतल कफ सिरप बरामद हुईं। जब्त माल की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों आरोपित कोलकाता से अप कंचनजंघा एक्सप्रेस में सवार होकर त्रिपुरा जा रहे थे। मामले में किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। शनिवार को दोनों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।















