खंडवा, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाए जाने के क्रम में आज खंडवा के नई कृषि उपज मंडी प्रांगण में भव्य बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे किसानों से संवाद स्थापित करेंगे और उन्हें कृषि उन्नयन के गुर सिखाएंगे।
कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक इस विशेष महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती की अत्याधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों और प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों से रूबरू कराना है। इसके माध्यम से अन्नदाताओं को फसल विविधीकरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि उनकी खेती को और अधिक टिकाऊ व लाभकारी बनाया जा सके।
आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी भी सजाई गई है, जहां विशेषज्ञ किसानों को उनकी समस्याओं का समाधान बता रहे हैं। इस दौरान ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और डिजिटल कृषि सेवाओं से जुड़ी बारीकियों की जानकारी भी अन्नदाताओं को दी जा रही है ताकि वे आधुनिक समय की चुनौतियों का सामना कर सकें।















