नई दिल्ली, 27 जुलाई।
पश्चिम एशिया में पिछले दो सप्ताह से अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे घमासान के थमने का सीधा असर वैश्विक बाजार पर देखने को मिला है। दोनों राष्ट्रों द्वारा बमबारी पर रोक लगाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस मंदी के चलते ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के भाव धड़ाम हो गए हैं।
युद्ध विराम टूटने के बाद दोनों मुल्कों ने एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए थे। चौदह दिनों तक चले इस खूनी संघर्ष के कारण क्रूड ऑयल के दाम 100 डॉलर के आंकड़े को पार कर गए थे। अब सैन्य कार्रवाई रोकने के फैसले के बाद सोमवार को बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सात प्रतिशत से अधिक की बड़ी गिरावट आई है, जिससे ब्रेंट क्रूड 91 डॉलर के करीब आ गया है।
कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड भारी गिरावट के साथ 91.94 डॉलर पर खुला और बाद में फिसलकर 91.33 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। वहीं सुबह के सत्र में यह मामूली सुधार के साथ 92.67 डॉलर पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 84.07 डॉलर के निचले स्तर को छूने के बाद 85.19 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड कर रहा है।















