नई दिल्ली, 01 अगस्त।
अगस्त महीने के पहले दिन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ी राहत दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई दरें 01 अगस्त से प्रभावी हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर पर 202 रुपये की कमी की गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटाई गई है। कटौती के बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 2,728 रुपये और कोलकाता में 2,872.50 रुपये हो गई है।
हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय वैट और कर के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।
यह लगातार दूसरा महीना है, जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है। इससे पहले 01 जुलाई को भी इसकी कीमत में 183.50 रुपये तक की कटौती हुई थी। दूसरी ओर, जनवरी से जून के बीच कमर्शियल सिलेंडर के दाम सात बार बढ़ाए गए थे। इनमें मार्च महीने में दो बार वृद्धि शामिल रही। उस दौरान पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने से कीमतों पर दबाव बना था।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेवाओं, ढाबों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में किया जाता है। ऐसे में कीमतों में हुई यह कटौती कारोबारियों की परिचालन लागत कम करने में मददगार मानी जा रही है।














