नई दिल्ली, 01 अगस्त।
भारतीय रेलवे ने क्षेत्रीय रेल संपर्क को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे की दैनिक लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन (54053/54054) का संचालन अब जींद तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से पंजाब और हरियाणा के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, अब ट्रेन संख्या 54054 लुधियाना से सीधे जींद तक जाएगी, जबकि ट्रेन संख्या 54053 जींद से लुधियाना के लिए संचालित होगी। इससे पहले यह पैसेंजर ट्रेन केवल लुधियाना और जाखल के बीच ही चलती थी।
ट्रेन के विस्तार के बाद इसकी कुल यात्रा दूरी 128 किलोमीटर से बढ़कर 200 किलोमीटर हो जाएगी। साथ ही जाखल और जींद के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव भी रहेगा। इससे इस रेल मार्ग के कस्बों और गांवों के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने बताया कि इस बदलाव के बाद यात्रियों को जींद जाने के लिए जाखल में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच अधिक आसान बनेगी तथा पंजाब और हरियाणा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क भी मजबूत होगा।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, यह निर्णय यात्रियों की मांग को ध्यान में रखकर लिया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय रेल नेटवर्क को मजबूत करना और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक व निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है।




















