हैदराबाद, 03 अगस्त।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में चार और पांच अगस्त को ब्रिक्स भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह (एसीडब्ल्यूजी) और ब्रिक्स एक्सपर्ट नेटवर्क ऑन एसेट रिकवरी की दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का आयोजन भारत सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की ओर से किया जा रहा है।
यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग एवं स्थिरता के लिए निर्माण' के अनुरूप आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सहयोग को और सशक्त बनाना है।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अनुसार, बैठक का उद्घाटन कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की सचिव रचना शाह करेंगी। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा वरिष्ठ नीति निर्माता, विशेषज्ञ, चिकित्सक तथा भ्रष्टाचार विरोधी और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक के दौरान एसेट रिकवरी, सीमा पार भ्रष्टाचार से निपटने और शासन व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सदस्य देश इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा करेंगे।
इसके अलावा भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में वांछित भगोड़े अपराधियों का पता लगाने के लिए अनौपचारिक सहयोग को मजबूत करने और प्रत्यर्पण संबंधी कार्यवाहियों को प्रभावी बनाने पर भी विशेष रूप से मंथन किया जाएगा।















