मदुरै, 3 अगस्त।
तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार को हुए सड़क हादसा में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना मेलूर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई, जब एक कार चालक ने सामने आए दोपहिया वाहन को बचाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, चेन्नई के पाडिकुप्पम निवासी श्रीराम अपने परिवार के साथ कार से मदुरै जा रहे थे। थुम्बैपट्टी गांव के निकट चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक एक दोपहिया वाहन सड़क पार करने लगा। उससे टक्कर टालने के प्रयास में चालक ने कार को तेजी से दाईं ओर मोड़ दिया।
अचानक दिशा बदलने के कारण कार पर नियंत्रण नहीं रह सका। वाहन डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
इस हादसे में श्रीराम, उनकी पत्नी रक्षना, गोद में मौजूद मासूम बेटी प्रणिता और रिश्तेदार राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहनों में सवार तीन घायल कारों के मलबे में फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें मेलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के चलते मदुरै-तिरुचिरापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में वाहनों को हटाकर मार्ग को सामान्य कर दिया गया।
मेलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।













