नई दिल्ली, 3 अगस्त।
संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सदस्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सदन में मौजूदगी की मांग को लेकर लगातार विरोध जताते रहे।
सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 11 दिनों तक चले इस बहु-खेल आयोजन में 123 सदस्यीय भारतीय दल ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। साथ ही पैरालिंपिक खिलाड़ियों के सात पदक जीतने पर भी शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद विधायी कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने गृह मंत्री की उपस्थिति की मांग को लेकर नारेबाजी जारी रखी। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखे गए और शून्यकाल में कुछ सदस्यों ने शून्यकाल के दौरान स्लीप एपीनिया और बावली संरक्षण सहित अन्य विषय भी उठाए।
लगातार व्यवधान के कारण कार्यवाही सामान्य रूप से नहीं चल सकी। इसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
दोपहर दो बजे एमएसएमई संशोधन विधेयक, 2026 सदन में पारित कराने के लिए प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। यह प्रस्ताव सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास अधिनियम, 2006 में संशोधन से संबंधित है। इसके तहत छह महीने से अधिक समय तक लंबित याचिकाओं के मामलों में अदालतें एमएसएमई आपूर्तिकर्ताओं को दिए गए अवार्ड की राशि का न्यूनतम 50 प्रतिशत भुगतान कराने का आदेश दे सकेंगी।












