कोलकाता, 3 अगस्त।
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बर्धमान से जुड़े कथित आतंकी संबंध मामले की जांच के दौरान हावड़ा से एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान आदित्य सिंह उर्फ राज के रूप में हुई है। वह हावड़ा के बेलिलियस रोड का रहने वाला और उमेशचंद्र कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ ने रविवार रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ पूरी होने के बाद सोमवार सुबह उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। उसे बर्धमान की अदालत में पेश किया जाएगा।
यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए हमीम मंडल से जुड़े मामले की जांच के क्रम में की गई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आदित्य के हमीम मंडल से संपर्क होने की जानकारी मिली है और उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है।
मामले की शुरुआत राज्य के नगर विकास विभाग के राज्यमंत्री उमेषचंद्र को पाकिस्तान से कथित धमकी भरे फोन आने के बाद हुई थी। आरोप है कि आबिद जट नाम के व्यक्ति ने पाकिस्तान से फोन कर मंत्री की हत्या और उनके बेटे के अपहरण की धमकी दी थी। इसके बाद पूरे मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई।
जांच के दौरान एसटीएफ पहले हमीम मंडल को बर्धमान से और बाद में उसकी महिला मित्र अर्पिता सरकार को झारखंड से गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों के पाकिस्तान की आईएसआई से कथित संपर्क थे और पश्चिम बंगाल में कथित आतंकी साजिश रचने की योजना की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हमीम कुछ समय तक न्यू टाउन में रहा था और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों की कथित रेकी की थी। अर्पिता सरकार पर भी कथित तौर पर हनी ट्रैप के माध्यम से नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से संवेदनशील जानकारियां जुटाने के आरोप हैं।
अब एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि आदित्य सिंह की इस कथित नेटवर्क में क्या भूमिका थी, हमीम मंडल से उसका कितनी बार संपर्क हुआ और क्या उसने जांच के दायरे में आने वाली किसी संवेदनशील जानकारी के आदान-प्रदान में कोई भूमिका निभाई थी। मामले की जांच जारी है।














