कठुआ, 03 अगस्त।
सीमावर्ती जिले कठुआ के हीरानगर उपमंडल में सोमवार की सुबह संदिग्ध गुब्बारे मिलने से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त ब्योरों के मुताबिक इन गुब्बारों के ऊपर "मुझे पाकिस्तान से प्यार है" जैसे विवादास्पद शब्द अंकित पाए गए हैं, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया और छानबीन शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार हीरानगर कस्बे के वार्ड संख्या 04 निवासी स्वर्गीय विद्या प्रकाश के पुत्र कुलदीप कुमार के मकान की छत पर सुबह-सुबह दो संदिग्ध गुब्बारे आ गिरे। इनमें से एक गुब्बारा सफेद रंग का तथा दूसरा हरे रंग का था। इन दोनों पर ही आपत्तिजनक संदेश लिखा हुआ था।
इन अजीबोगरीब गुब्बारों पर सबसे पहले मकान मालिक कुलदीप की नजर पड़ी, जिन्होंने बिना देर किए इसकी इत्तला स्थानीय हीरानगर थाना पुलिस को दे दी।
खबर मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके पर जा पहुंचा और उन दोनों गुब्बारों को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।















