जयपुर, 03 अगस्त।
जयपुर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंधी कॉलोनी में सोमवार सुबह दिनदहाड़े यूनियन बैंक के एक शाखा प्रबंधक से पिस्टल की नोक पर सोने और हीरे के आभूषण लूट लिए गए। वारदात साईं कृपा अपार्टमेंट की लिफ्ट में उस समय हुई, जब वह जिम से लौटकर अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे। घटना के समय लिफ्ट में उनकी एक पड़ोसी युवती भी मौजूद थी। वारदात के बाद दोनों बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली सफेद एक्टिवा पर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, साईं कृपा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहने वाले नवीन कुमार शर्मा सुबह करीब साढ़े आठ बजे जिम से लौट रहे थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक लिफ्ट में सवार हो गए। उन्होंने चौथी मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति से मिलने की बात कही, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि उस नाम का कोई निवासी वहां नहीं है तो एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर नवीन कुमार के सिर पर तान दी। इसके बाद उनसे सोने की चेन, कड़ा, सोने की अंगूठी और डायमंड रिंग उतरवा ली।
लूट के बाद आरोपितों ने पीड़ित को धमकाते हुए लिफ्ट को वापस भूतल पर ले जाने के लिए कहा और नीचे उतरते ही सफेद एक्टिवा से मौके से निकल गए। घटना के बाद नवीन कुमार अपनी बच्ची के साथ सीढ़ियों के रास्ते फ्लैट पहुंचे और परिवार को पूरी जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। एक ने लाल रंग की शर्ट और पायजामा पहन रखा था तथा दूसरे ने पैंट-शर्ट पहन रखी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों आरोपी सफेद एक्टिवा पर भागते दिखाई दिए। हालांकि अपार्टमेंट के अंदर लगे कैमरे लंबे समय से खराब होने के कारण लिफ्ट की रिकॉर्डिंग नहीं मिल सकी। जांच के दौरान पार्किंग में लगे डीवीआर सिस्टम से छेड़छाड़ होने की जानकारी भी सामने आई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और एक्टिवा के संभावित रूट के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
















