खैबर पख्तूनख्वा, 3 अगस्त।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शांति रैली के दौरान पुलिस थाने के बाहर हुए आत्मघाती हमला में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। विस्फोट कल स्वात जिले के कबाल कस्बे में उस समय हुआ, जब स्वात शांति रैली पुलिस थाने के ठीक सामने चल रही थी।
हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है। बचाव दल के अनुसार नौ शव सईदू शरीफ केंद्रीय अस्पताल पहुंचाए गए, जबकि कबाल अस्पताल के चिकित्सकों ने पांच और लोगों की मौत की पुष्टि की। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई।
स्वात शांति रैली का आयोजन स्वात अमन जिरगा की ओर से किया गया था। रैली में शामिल लोगों ने शांति की मांग को लेकर नारे लगाए और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पिछले कुछ महीनों में पुलिस की निष्क्रियता के कारण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है।
जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार संदिग्ध आत्मघाती हमलावर ने कबाल पुलिस थाने और पुलिस लाइन परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद हमलावर ने विस्फोट कर दिया, जिससे मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त हो गया और सुरक्षित परिसर के भीतर प्रवेश नहीं हो सका। घटना की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।













