गाजियाबाद, 03 अगस्त।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने न्यायखंड-तीन स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान एक महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने दंपति सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक दंपति किराये के फ्लैट से देह व्यापार का संचालन कर रहा है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अजय गुप्ता, उसकी पत्नी अमिता, खोड़ा कॉलोनी निवासी आरिफ और शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी शगुन गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। मौके से एक महिला को भी रेस्क्यू किया गया, जिसका बयान दर्ज करने के बाद उसे जाने दिया गया।
जांच के दौरान आरोपितों ने फ्लैट से देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से 8,800 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में दंपति ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले यह फ्लैट किराये पर लिया था। पुलिस के मुताबिक वे वॉट्सएप के माध्यम से महिलाओं और युवतियों से संपर्क करते थे। उनकी तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर सौदा तय किया जाता था। महिलाओं और युवतियों को नौकरी तथा पैसों का लालच देकर बुलाया जाता था। पुलिस का कहना है कि ग्राहकों से ली गई राशि का केवल एक हिस्सा ही महिलाओं को दिया जाता था। मोबाइल फोन की जांच में ग्राहकों और कथित देह व्यापार के संचालन से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं।
















