लखनऊ, 03 अगस्त।
राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू हैदराबाद के पंच हनुमान मंदिर में रविवार रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर से भगवान के जेवर, मुकुट और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंदिर की देखरेख करने वाले प्रदीप कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित जब मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा गया कि भगवान के आभूषण और मुकुट अपनी जगह पर नहीं थे। इसके बाद उन्हें सूचना दी गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के ऊपर लगे छत्र, मुकुट और जेवर गायब थे। इतना ही नहीं, मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनका डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए।
महानगर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को चोरी हुए सामान की विस्तृत सूची भी सौंप दी है। प्रबंधन के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और आरोपितों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।















