सिंधुली, 03 अगस्त।
नेपाल के सिंधुली जिले के फिक्कल नवलपुर पुल के पास एक कार बस की टक्कर के बाद सुनकोसी नदी में जा गिरी। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं।
पुलिस के अनुसार, काठमांडू से ओखलढुंगा जा रही 'गणेश हिमाल तराई यातायात प्रा.लि.' की बस की टक्कर के बाद कार नदी में गिर गई। कार में सवार लोगों की आधिकारिक संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में एक निर्माण व्यवसायी, एक ऑपरेटर समेत तीन लोगों के सवार होने का अनुमान है।
बस में मौजूद यात्रियों ने बताया कि मध्य पहाड़ी राजमार्ग पर खड़ी कार को ओवरटेक करने के दौरान बस की टक्कर हुई, जिसके बाद कार सीधे नदी में गिर गई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि के अनुसार, कार में सिंधुपाल्चोक निवासी और वर्तमान में मध्य पहाड़ी लोकमार्ग के ठेकेदार दिलकुमार तामांग सहित अन्य लोग सवार थे।
बताया गया है कि दुर्घटना के बाद कार घटनास्थल से लगभग 50 मीटर नीचे सुनकोसी नदी में डूब गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
















