नोएडा, 03 अगस्त।
नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी बहू पर बेटे पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सादोपुर झाल गांव निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनके बेटे विपिन शर्मा का विवाह वर्ष 2013 में मोनिका शर्मा से हुआ था। आरोप है कि 2 अगस्त को मोनिका ने विपिन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल विपिन शर्मा को उपचार के लिए गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में उपचाराधीन है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला ने पूर्व में अपने ससुर के खिलाफ हरियाणा के एक थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















