गाजियाबाद, 03 अगस्त।
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित करहेड़ा मोड़ पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करहेड़ा कट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, करहेड़ा निवासी खुर्शीद का बेटा सलमान कक्षा पांच का छात्र था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान लोनी की ओर से करहेड़ा की तरफ रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आ रहे चालक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद सलमान सड़क पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल छात्र को उपचार के लिए नरेंद्र मोहन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने करहेड़ा कट पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उन्हें शांत कराते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मुरसलीम को हिरासत में ले लिया है। छात्र के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















