नोएडा, 03 अगस्त।
नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में रविवार रात पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर हुए विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और धक्का दे दिया। इससे महिला दीवार से टकरा गई और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से झारखंड निवासी गीता कुमारी (33) सेक्टर-168 स्थित एक निर्माणाधीन परियोजना में काम करती थीं। उनके साथ उनके पति भी वहीं कार्यरत थे। रविवार रात दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मारपीट के दौरान पति ने महिला को धक्का दिया, जिससे वह दीवार से जा टकराई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
















