नई दिल्ली, 4 अगस्त।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस अवसर पर अनाहत सिंह के साथ जूनियर पुरुष टीम के कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी आर्यवीर देवान, युशा नफीस और गुरवीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।
18 वर्षीय अनाहत सिंह ने पिछले सप्ताह कनाडा में आयोजित विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में महिला एकल वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास बनाया। वह इस प्रतियोगिता में महिला एकल का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। यह उनका पांचवां विश्व जूनियर अभियान था और इस प्रतियोगिता में दूसरा पदक भी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 में काहिरा में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. मंडाविया ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि हाल की सफलता को मंजिल नहीं, बल्कि लंबे सफर की शुरुआत मानना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से एशियाई खेल 2026 और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को अगला लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
खेल मंत्री ने कहा कि अनाहत सिंह की ऐतिहासिक उपलब्धि देश के लाखों युवाओं को स्क्वैश अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने इस सफलता को भारतीय खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के दौरान अनाहत सिंह ने खेल मंत्री को अपने हस्ताक्षर वाला स्क्वैश रैकेट और स्क्वैश बॉल भेंट की। खिलाड़ियों ने डॉ. मंडाविया के साथ सेल्फी भी ली और अनौपचारिक बातचीत की, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।















