Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

विज्ञान व प्रौद्योगिकी
04 Aug, 2026

आईआईटी रुड़की ने विकसित की उच्च-मूल्य रसायनों के निर्माण की नई तकनीक

आईआईटी रुड़की के शोधकर्ताओं ने नवीकरणीय अल्कोहलों को उच्च-मूल्य रसायनों में बदलने की नई सतत तकनीक विकसित की है, जिससे दवाओं और उन्नत सामग्रियों के निर्माण को नई दिशा मिल सकती है।

रुड़की, 04 अगस्त।

आईआईटी रुड़की के शोधकर्ताओं ने नवीकरणीय अल्कोहलों को उच्च-मूल्य रसायनों में परिवर्तित करने की एक नई सतत उत्प्रेरक विधि विकसित की है। यह तकनीक दवाओं और उन्नत सामग्रियों के निर्माण में उपयोग होने वाले जटिल रसायनों के उत्पादन के लिए अधिक स्वच्छ और प्रभावी विकल्प प्रदान करती है। इस शोध को प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका नेचर कम्युनिकेशंस में प्रकाशित किया गया है।

यह अध्ययन आईआईटी रुड़की के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर देबाशीष बनर्जी के नेतृत्व में किया गया। शोध में संस्थान के शोधार्थी आद्रिजा घोष और पुरुषोत्तम के साथ कनाडा के मैकगिल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर चाओ-जुन ली ने भी सहयोग किया। शोध दल ने लिगैंड-सक्षम निकेल उत्प्रेरक की सहायता से जैव-आधारित अल्कोहलों को ट्राइसब्स्टीट्यूटेड ओलेफिन्स और 1,3-डाइन्स में परिवर्तित किया, जिनका उपयोग औषधियों और उन्नत कार्बनिक सामग्रियों के निर्माण में किया जाता है।

शोधकर्ताओं के अनुसार पारंपरिक रासायनिक संश्लेषण प्रक्रिया में कई चरणों और महंगे उत्प्रेरकों की आवश्यकता होती है। नई तकनीक में पृथ्वी पर प्रचुर मात्रा में उपलब्ध निकेल का उपयोग करते हुए नवीकरणीय कच्चे पदार्थों से उच्च स्टीरियो-चयनात्मकता प्राप्त की गई है।

शोध के दौरान 27 ट्राइसब्स्टीट्यूटेड ओलेफिन्स और 23 उच्च-चयनात्मक 1,3-डाइन्स का सफलतापूर्वक संश्लेषण किया गया। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में रासायनिक निर्माण प्रक्रियाओं को अधिक टिकाऊ और किफायती बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने कहा कि यह शोध स्वच्छ और टिकाऊ प्रौद्योगिकियों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं प्रोफेसर देबाशीष बनर्जी ने कहा कि इस शोध का उद्देश्य आसानी से उपलब्ध नवीकरणीय अल्कोहलों को कम लागत वाले उत्प्रेरक की सहायता से जटिल अणुओं में परिवर्तित करना था।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धम-र्कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़