मुंबई, 05 अगस्त।
यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) के नए संगीत लेबल राह रिकॉर्ड्स ने अपनी पहली आधिकारिक प्रस्तुति के रूप में गायक-गीतकार अमन का मौलिक गीत 'जादूगरी' जारी कर दिया है। स्वतंत्र कलाकारों और मौलिक संगीत को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस लेबल की घोषणा के अगले ही दिन इसका पहला गीत सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग मंचों पर रिलीज किया गया।
'जादूगरी' के बोल और स्वर स्वयं अमन ने दिए हैं। यह गीत प्रेम, बिछड़ने और उन अनकहे जज्बातों के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिनकी अहमियत अक्सर रिश्ता टूटने के बाद महसूस होती है। गीत एक ऐसे व्यक्ति की भावनाओं को अभिव्यक्त करता है, जिसे बहुत देर बाद यह एहसास होता है कि उसने अपने साथी के प्रेम और साथ को सहज रूप से स्वीकार कर लिया था। भावनात्मक बोल और मधुर संगीत इस गीत को विशेष बनाते हैं।
गीत के संगीत वीडियो में अमन के साथ अभिनेत्री शिवांगी नेगी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में दोनों के रिश्ते के खूबसूरत लम्हों के साथ उनके बीच बढ़ती भावनात्मक दूरी को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
राह रिकॉर्ड्स के साथ यह अमन की संगीत यात्रा की भी नई शुरुआत है। लेबल के प्रतिभा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले एक वर्ष से उनके साथ रचनात्मक रूप से कार्य किया गया, ताकि उनके गीत लेखन और संगीत की पहचान को और सशक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर अमन ने कहा कि यह गीत ऐसे रिश्तों की कहानी है, जिनमें लोग काफी देर से समझ पाते हैं कि छोटी-छोटी बातें और अनकहे एहसास ही सबसे अधिक मायने रखते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत लोगों को अपने प्रियजनों के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करेगा।
अमन अपने भावनात्मक गीतों के कारण पहले से ही युवाओं के बीच पहचान बना चुके हैं। उनके गीत 'रोया था' को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब 'जादूगरी' के साथ वह राह रिकॉर्ड्स के पहले कलाकार बन गए हैं। वाईआरएफ का यह नया संगीत लेबल स्वतंत्र कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और भारतीय मौलिक संगीत को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।














