काठमांडू, 6 अगस्त।
नेपाल के जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई प्रांतों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि लगातार हो रही वर्षा के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ गया है।
विभाग के अनुसार, इस समय पूरे देश में बादल छाए हुए हैं। बागमती और गंडकी प्रांत के कई इलाकों में मध्यम वर्षा हो रही है। इसके अलावा कोशी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई है। लुम्बिनी प्रांत के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज कोशी, बागमती और गंडकी प्रांत के हिमालयी क्षेत्रों के अनेक स्थानों पर मध्यम वर्षा और हिमपात हो सकता है। इसी तरह लुम्बिनी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के पर्वतीय इलाकों के कुछ स्थानों पर भी मध्यम वर्षा और हिमपात की संभावना बनी हुई है।
पूर्वानुमान के अनुसार कोशी, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी प्रांत के पहाड़ी एवं तराई क्षेत्रों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है। मधेश प्रांत के अनेक हिस्सों में भी ऐसे ही मौसम के बने रहने का अनुमान है। वहीं कर्णाली के पहाड़ी क्षेत्रों तथा सुदूरपश्चिम प्रांत के पहाड़ी और तराई इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने विशेष रूप से आगाह किया है कि बागमती और गंडकी प्रांत के हिमालयी, पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के साथ कोशी के हिमालयी एवं पहाड़ी क्षेत्रों तथा मधेश और लुम्बिनी प्रांत के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक वर्षा हो सकती है। रात के समय भी कोशी, बागमती, गंडकी, लुम्बिनी और मधेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान है। कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।













