मुंबई, 5 अगस्त।
हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। मंगलवार शाम करीब छह बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप रावत को पहले मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में आगे के उपचार के लिए करीब दस दिन पहले उन्हें भिवंडी स्थित एक कैंसर अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था। अपने पीछे वह पत्नी और पुत्र विक्रमादित्य को छोड़ गए हैं।
अभिनेता यशपाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
प्रदीप रावत ने तीन दशक से अधिक लंबे फिल्मी सफर में हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई यादगार भूमिकाओं के जरिए दर्शकों के बीच विशेष स्थान हासिल किया।
उन्हें वर्ष 2005 में रिलीज हुई तमिल फिल्म गजनी में निभाए गए खलनायक के किरदार से व्यापक पहचान मिली थी। उनके अभिनय को मिली सराहना के बाद वर्ष 2008 में बनी फिल्म के हिंदी संस्करण में भी उन्हें यही भूमिका निभाने का अवसर मिला, जहां उन्होंने अभिनेता आमिर खान के साथ स्क्रीन साझा की।













