राजगढ़, 5 अगस्त।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में सावन माह के अवसर पर बुधवार को सामूहिक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर के ओंकारनाथ मंदिर से 200 से अधिक श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उज्जैन रवाना हुए।
श्रद्धालु लगभग 160 किलोमीटर की पैदल यात्रा पांच दिनों में पूरी कर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे और पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा की शुरुआत ओंकारनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु शिव भजनों और हर-हर महादेव तथा जय श्री महाकाल के जयघोष के बीच नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़े। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। साथ ही पेयजल, शरबत और प्रसादी की भी व्यवस्था की गई।
जय श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा को सावन माह की पहली सामूहिक कांवड़ यात्रा बताया गया। समिति के अनुसार आसपास के गांवों से 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीयन कर यात्रा में भाग लिया है।
यात्रा खिलचीपुर से प्रारंभ होकर जीरापुर, सुसनेर और आगर होते हुए उज्जैन पहुंचेगी। श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 30 किलोमीटर पैदल चलेंगे और पांचवें दिन महाकालेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के साथ चार ट्रैक्टर भी भेजे गए हैं, जिनमें भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री रखी गई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व विधायक रामप्रसाद दांगी, हेमराज कल्पोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दांगी, प्रेमसिंह परिहार, रतनसिंह सौंधिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। समिति ने भविष्य में भी इस तरह की सामूहिक कांवड़ यात्रा आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।














