नई दिल्ली, 5 अगस्त।
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने बुधवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संसदीय लोकतंत्र, संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा तथा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में संसदीय परंपराओं को और मजबूत बनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। नीतीश कुमार ने लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला द्वारा सदन की गरिमा, संसदीय मर्यादाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
दोनों नेताओं ने संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लोकतांत्रिक संवाद को और प्रभावी बनाने तथा संसद की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस शिष्टाचार भेंट को संसदीय संवाद और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'ललन सिंह' तथा जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा भी मौजूद रहे।














