नई दिल्ली, 5 अगस्त।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान और ओमान ने रणनीतिक महत्व वाले हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले समुद्री मार्ग की भौगोलिक रूपरेखा (कोऑर्डिनेट्स) पर सहमति बना ली है। ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यदि किसी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप नहीं हुआ तो इस संबंध में दोनों देशों की ओर से जल्द संयुक्त घोषणा जारी की जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समझौता बुधवार या गुरुवार तक हो सकता है। हालांकि ईरानी अधिकारियों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अभी भी चर्चा जारी है और अंतिम समझौते से पहले मसौदे को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
रिपोर्टों के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत हॉर्मुज से खाड़ी की ओर प्रवेश करने वाले जहाजों के संचालन से जुड़े अधिकारों पर सहमति बनने की दिशा में प्रगति हुई है। हालांकि जलमार्ग की सुरक्षा, संचालन व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं पर बातचीत अभी जारी है।
इस बीच क्षेत्र में तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। लाल सागर में यमन के तट के पास एक भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर विस्फोटक से लदी नाव के हमले के बाद वह डूब गया। यमन के तटरक्षक बल ने चालक दल को सुरक्षित बचा लिया, जिसमें 13 भारतीय नागरिक भी शामिल थे। भारत ने इस हमले की निंदा की है, हालांकि हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने तत्काल नहीं ली है।














