नई दिल्ली, 5 अगस्त।
रेप्को बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपने इतिहास का सर्वाधिक 169 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इसी के तहत बैंक ने भारत सरकार की 76.32 करोड़ रुपये की शेयर पूंजी पर 30 प्रतिशत की दर से 22.90 करोड़ रुपये का लाभांश (डिविडेंड) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को नई दिल्ली में सौंपा।
बैंक के चेयरमैन ई. संथानम, निदेशक एवं रेप्को होम फाइनेंस लिमिटेड के चेयरमैन सी. थंगाराजू तथा प्रबंध निदेशक ओ.एम. गोकुल ने अमित शाह को लाभांश का चेक भेंट किया।
अमित शाह ने बैंक प्रबंधन को रिकॉर्ड लाभ अर्जित करने पर बधाई देते हुए कहा कि रेप्को बैंक की सफलता उसके पेशेवर और उत्कृष्ट कार्य संचालन का प्रमाण है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैंक के प्रबंधन और कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं।
बैंक के अनुसार, रेप्को बैंक पिछले तीन दशकों से लगातार लाभ अर्जित कर अपने शेयरधारकों को नियमित रूप से लाभांश प्रदान कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में दर्ज 169 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ बैंक के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक लाभ है।
बैंक ने बताया कि 30 जून 2026 तक उसका कुल बिजनेस मिक्स 26,000 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है, जो बैंक के कारोबार और वित्तीय मजबूती को दर्शाता है।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सचिव (सीमा प्रबंधन एवं एफएफआर) डॉ. राजेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव गया प्रसाद और मक्खन लाल मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।














