भोपाल, 5 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और मंत्री लखन पटेल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याओं, सुझावों और स्थानीय मुद्दों को सुना। इस दौरान कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण करायागया, जबकि अन्य मामलों को आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
विश्वास सारंग और लखन पटेल ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनके माध्यम से प्राप्त प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।














