भोपाल, 5 अगस्त।
मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के नवागत सचिव डॉ. सुदाम पी. खाड़े ने बुधवार को भोपाल स्थित विभागीय संचालनालय का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों को गति देने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सचिव डॉ. खाड़े ने केंद्र एवं राज्य सरकार की पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की प्रगति, आवंटित बजट, निर्धारित लक्ष्य तथा वर्तमान उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
बैठक में जिला स्तर पर दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, उनकी गुणवत्ता, खरीद प्रणाली (प्रोक्योरमेंट सिस्टम) तथा प्रदेश में संचालित मोबाइल वेटरनरी यूनिट की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव ने पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम तथा मध्य प्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सॉर्टेड सेक्स्ड सीमेन तकनीक के विस्तार और प्रदेश में पशुओं के लिए साइलेज की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और बेहतर प्रबंधन से पशुपालन क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
बैठक में संचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. पी.एस. पटेल, प्रबंध संचालक कुक्कुट विकास निगम डॉ. एस.एन. शुक्ला, संयुक्त संचालक डॉ. मनोज गौतम, गौसंवर्धन बोर्ड के रजिस्ट्रार डॉ. अनुपम अग्रवाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।














