भोपाल, 5 अगस्त।
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त से की जाएगी। अभियान के संचालन को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार अभियान का उद्देश्य जनसंवाद, क्षेत्रीय भ्रमण और निरीक्षण के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में वितरण सुनिश्चित करना है।
यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इस अवधि में प्रत्येक शुक्रवार को अभियान आयोजित किया जाएगा। निर्देश दिए गए हैं कि इस दिन, अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर, विभागीय या जिला स्तर पर किसी भी प्रकार की ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन समीक्षा बैठक आयोजित नहीं की जाएगी।
सभी विभाग प्रमुखों और विभागाध्यक्षों के लिए प्रत्येक शुक्रवार को फील्ड भ्रमण करना अनिवार्य रहेगा। अधिकारी अपनी प्रशासनिक आवश्यकता और विभागीय प्राथमिकता के अनुसार भ्रमण क्षेत्र का चयन कर सकेंगे। यदि किसी कारणवश संबंधित अधिकारी भ्रमण नहीं कर पाते हैं, तो इसकी पूर्व सूचना मुख्य सचिव कार्यालय को देना आवश्यक होगा।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के चार प्रमुख आधार संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करें।
सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग प्रत्येक सप्ताह सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा करें तथा उनका समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। संभाग और जिला स्तर के अधिकारियों को भी प्रत्येक शुक्रवार अपने क्षेत्र में विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए भ्रमण करना होगा।
अभियान के दौरान सादगी और मितव्ययिता पर विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों को भ्रमण के समय वाहनों की संख्या सीमित रखने और यथासंभव वाहन पूलिंग अपनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।














