भोपाल, 5 अगस्त।
मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे से मुलाकात कर सांवेर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित रिंग रोड की चौड़ाई 100 फीट के स्थान पर 70 फीट किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने जनहित और स्थानीय नागरिकों की मांग का हवाला देते हुए प्रस्ताव पर विचार करने का अनुरोध किया।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि भारत सरकार की विशेष केंद्रीय सहायता के तहत इंदौर नगर निगम क्षेत्र में 23 मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इसी योजना के अंतर्गत एडवांस एकेडमी से निपानिया होते हुए पिपलियाकुमार तक करीब 3.65 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनाई जानी है। वर्तमान मास्टर प्लान में इस सड़क की चौड़ाई 30 मीटर (100 फीट) निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मार्ग के आसपास कई विकसित आवासीय कॉलोनियां, शैक्षणिक संस्थान और निपानिया व पिपलियाकुमार गांव स्थित हैं। यदि सड़क का निर्माण 100 फीट चौड़ाई के अनुसार किया जाता है तो करीब 300 आवासीय मकान प्रभावित होंगे और बड़ी संख्या में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि इन मकानों के निर्माण की स्वीकृतियां संबंधित विभागों से पूर्व में विधिवत प्राप्त की जा चुकी हैं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रहवासियों की लंबे समय से मांग है कि सड़क की चौड़ाई 70 फीट निर्धारित की जाए। उन्होंने बताया कि इस विषय में वह पहले भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध कर चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने मंत्री द्वारा प्रस्तुत सुझावों और तथ्यों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रस्ताव का नियमानुसार परीक्षण कर जनहित और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसा व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा, जिससे सड़क निर्माण का कार्य भी प्रभावित न हो और स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना भी न करना पड़े।














