मुंबई, 07 अगस्त।
करण जौहर का लोकप्रिय रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स इंडिया' अपने दूसरे सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। प्रतियोगियों की सूची सामने आने के बाद अब निर्माताओं ने शो का नया ट्रेलर भी जारी कर दिया है। पहले सीजन की तरह इस बार भी कुल 21 प्रतिभागी खेल का हिस्सा होंगे। इनमें कुछ खिलाड़ी गुप्त रूप से गद्दार की भूमिका निभाएंगे, जबकि बाकी प्रतियोगियों को अपनी रणनीति और समझदारी के बल पर उनकी पहचान करनी होगी। ट्रेलर में रोमांच, तनाव और आपसी टकराव की झलक साफ दिखाई देती है।
'द ट्रेटर्स इंडिया-2' का प्रसारण 13 अगस्त से शुरू होगा। इसके नए एपिसोड प्रत्येक गुरुवार को अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होंगे। जारी ट्रेलर में खिलाड़ियों को एक-दूसरे पर संदेह करते, रणनीति बनाते और अपने पक्ष को मजबूत करने की कोशिश करते दिखाया गया है। खेल आगे बढ़ने के साथ यह तय करना चुनौतीपूर्ण होगा कि किस पर भरोसा किया जाए और कौन पर्दे के पीछे रहकर बाकी खिलाड़ियों को मात देने की योजना बना रहा है।
इस नए सीजन में मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे नजर आएंगे। मल्लिका शेरावत, श्वेता तिवारी, मुनव्वर फारूकी, रिया चक्रवर्ती, शालिनी पासी, क्रिस्टल डिसूजा और रणवीर बरार सहित कई हस्तियां शो का हिस्सा बनी हैं। ट्रेलर में इन प्रतिभागियों के बीच तीखी नोकझोंक, रणनीतिक दांव-पेंच और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 21 खिलाड़ियों के इस मुकाबले में सबसे पहले गद्दारों की पहचान कौन कर पाता है और कौन खुद इस खेल में धोखे का शिकार बनकर बाहर हो जाता है।















