देहरादून, 14 अगस्त।
उत्तराखंड सचिवालय में अपनी सेवाएं दे रहे अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मिश्र ‘क्षितिज’ को केंद्र सरकार के बहुचर्चित मिशन कर्मयोगी कार्यक्रम के अंतर्गत बेहतरीन प्रदर्शन करने के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य के मुख्य सचिव द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी अभियान के दौरान रिकॉर्ड प्रमाण पत्र हासिल कर एक मिसाल कायम की है।
सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ वे जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने, युवाओं को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के कार्यों में भी खासी रुचि रखते हैं। इसके अलावा वे एक जाने-माने साहित्यकार, गायक और कवि भी हैं जिनके स्वरचित गीत सोशल मीडिया पर काफी पसंद किए जाते हैं।
गंगा संरक्षण से जुड़े अभियानों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के साथ उन्होंने कई प्रसिद्ध लोकगीत और अलबम भी गाए हैं, जिन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। राजधानी में आयोजित एक अन्य समारोह के दौरान उनकी इस प्रस्तुति ने वहां मौजूद राज्यपाल समेत तमाम बड़े अधिकारियों और गणमान्य लोगों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया था।















