थौबल, 24 अगस्त।
मणिपुर के थौबल जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए केसीपी (पीडब्ल्यूजी) से जुड़े दो कथित सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को लिलोंग थाना क्षेत्र के लिलोंग ताइरेन माखोंग इलाके में कार्रवाई के दौरान बुमायुम अयूब खान (30) पकड़ा गया। वह हियांगथांग ताराहेई कोंजिल का रहने वाला है और संगठन का सक्रिय कैडर बताया गया है। उस पर कथित तौर पर वसूली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
इससे पहले खुफिया जानकारी के आधार पर थौबल सीडीओ और 11 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने लिलोंग उशोइपोकी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। इसी कार्रवाई में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के कथित सीनियर कैप्टन थियाम बोइचा सिंह उर्फ बालिन (28) को गिरफ्तार किया गया।
बालिन बिष्णुपुर के वार्ड नंबर आठ का निवासी बताया गया है। पूछताछ के दौरान उसके बारे में सामने आया कि वह 13 नवंबर 2021 को चुराचांदपुर के बेहियांग में 46 असम राइफल्स के सीओ सहित सात लोगों पर हुए घात लगाकर हमले में शामिल टीम का हिस्सा था।
अधिकारियों के मुताबिक, बालिन राष्ट्रीय जांच एजेंसी की जांच वाले मामले में ए-3 आरोपित है। उसे इस मामले में घोषित फरार आरोपित भी बताया गया है।















