मुंबई, 27 अगस्त।
टीवी के लोकप्रिय सुपरहीरो किरदार शक्तिमान को बड़े पर्दे पर उतारने की योजना पर अभिनेता मुकेश खन्ना ने अपनी असहमति जताई है। उन्होंने रणवीर सिंह को शक्तिमान की भूमिका में लेने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वह इस किरदार के लिए सही विकल्प नहीं हैं।
सोनी नेटवर्क लंबे समय से टीवी शो शक्तिमान पर आधारित बड़े बजट की फिल्म बनाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में रणवीर सिंह को मुख्य भूमिका में लेने की चर्चा थी, लेकिन मुकेश खन्ना ने इस कास्टिंग को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
मुकेश खन्ना ने कहा कि वह रणवीर सिंह की अभिनय क्षमता की सराहना करते हैं, लेकिन शक्तिमान जैसे किरदार के लिए एक नए चेहरे की जरूरत है। उनके अनुसार, बड़े स्टारडम वाले कलाकार इस भूमिका के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि शक्तिमान का किरदार बेहद सकारात्मक छवि वाला है और इसके लिए सही व्यक्तित्व और चेहरा जरूरी है। मुकेश खन्ना ने बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट को लेकर सोनी इंडिया और सोनी इंटरनेशनल दोनों को रोक दिया है।
मुकेश खन्ना ने रणवीर सिंह को खलनायक किलविश की भूमिका के लिए उपयुक्त बताया। उन्होंने कहा कि रणवीर ने ‘पद्मावत’ में अलाउद्दीन खिलजी जैसे नकारात्मक किरदार को प्रभावी तरीके से निभाया था, इसलिए वह ऐसे रोल में बेहतर साबित हो सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रणवीर सिंह एक अच्छे अभिनेता हैं और उन्होंने उनके अभिनय पर सवाल नहीं उठाए हैं। उनका कहना है कि शक्तिमान की भूमिका के लिए किरदार की छवि और व्यक्तित्व सबसे महत्वपूर्ण है।















