मुंबई, 28 अगस्त।
मशहूर संगीतकार और गायक अरमान मलिक के भाई अमाल मलिक ने फिल्म संगीत से एक साल का ब्रेक लेने का ऐलान कर प्रशंसकों को चौंका दिया है। हाल ही में इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'ये आवारापन' को संगीत देने वाले अमाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने साफ किया कि वह पूरी तरह ठीक हैं और फिलहाल अपने मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहते हैं। अमाल ने प्रशंसकों से एक साल बाद नई ऊर्जा के साथ संगीत की दुनिया में लौटने का वादा भी किया।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अमाल ने कहा कि इस बार वह वही करना चाहते हैं, जो उनके लिए सबसे बेहतर है। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने मन, शरीर और आत्मा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आराम की जरूरत महसूस हो रही है। उन्होंने प्रशंसकों से कहा कि उन्हें खुद को तरोताजा करने और पूरी ऊर्जा के साथ वापस लौटने के लिए कुछ समय चाहिए। अमाल ने यह भी स्पष्ट किया कि अगले साल तक उनका कोई नया फिल्म संगीत रिलीज नहीं होगा। हालांकि, पहले से तैयार कुछ अप्रकाशित फिल्मी गाने फिल्मों के रिलीज होने के साथ सामने आ सकते हैं।
अमाल ने प्रशंसकों से इस दौरान उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी नए प्रोजेक्ट या संगीत से जुड़ी जानकारी वह खुद साझा करेंगे। अपने संगीत सफर को याद करते हुए अमाल ने कहा कि संगीत से सिनेमा तक का उनका सफर उन्हें काफी आगे ले गया है और अब वह कुछ समय के लिए फिर से संगीत की ओर लौटना चाहते हैं। उनके इस फैसले के बाद प्रशंसक उनके तरोताजा होकर जल्द वापसी करने की उम्मीद कर रहे हैं।















