भोपाल, 31 अगस्त।
नरेला विधानसभा में सोमवार से रक्षाबंधन महोत्सव की शुरुआत होगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में पिछले 18 वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में इस बार भी लाखों बहनों के शामिल होने की संभावना है।
मंत्री सारंग के अनुसार महोत्सव के लिए लाखों महिलाओं ने पंजीयन कराया है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन वार्ड क्रमांक 44 में सुबह 11 बजे, वार्ड क्रमांक 78 में दोपहर 2 बजे और वार्ड क्रमांक 69 में शाम 4 बजे आयोजन होगा।
नरेला विधानसभा के सभी 17 वार्डों में इस बार रक्षाबंधन महोत्सव के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर वर्ष नरेला विधानसभा के साथ भोपाल के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचकर मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधती हैं।
आयोजकों का प्रयास है कि महोत्सव में पहुंचने वाली बहनों को मायके जैसा माहौल मिले। इसके लिए सावन के गीतों के साथ मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। बहनों और भांजे-भांजियों के लिए झूले भी लगाए जाएंगे।
महोत्सव में मेहंदी लगाने और चूड़ियां पहनाने के लिए भी स्टॉल लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए आयोजन को उत्सवपूर्ण और पारिवारिक माहौल में आयोजित करने की तैयारियां की गई हैं।
पिछले वर्ष हुए रक्षाबंधन महोत्सव में रिकॉर्ड एक लाख 84 हजार 632 बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधा था। हर वर्ष इसमें शामिल होने वाली बहनों की संख्या बढ़ रही है और इस बार भी बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
नरेला विधानसभा में 18 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह महोत्सव विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। इस बार कार्यक्रम अलग-अलग दिनों में विधानसभा के सभी वार्डों में आयोजित किए जाएंगे।
31 अगस्त को वार्ड 44 में सुबह 11 बजे, वार्ड 78 में दोपहर 2 बजे और वार्ड 69 में शाम 4 बजे आयोजन होगा। एक सितंबर को वार्ड 39 और 40 में दोपहर 2 बजे तथा वार्ड 75 में शाम 4 बजे कार्यक्रम रखा गया है।
तीन सितंबर को वार्ड 76 में दोपहर 12 बजे और वार्ड 59 में शाम 4 बजे आयोजन होगा। पांच सितंबर को वार्ड 71 में दोपहर 2 बजे और वार्ड 79 में शाम 4 बजे बहनें रक्षासूत्र बांधेंगी।
छह सितंबर को वार्ड 36 में सुबह 11 बजे, वार्ड 70 में दोपहर 1 बजे और वार्ड 37 में शाम 4 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सात सितंबर को वार्ड 41 में दोपहर 2 बजे और वार्ड 58 में शाम 4 बजे महोत्सव होगा।
महोत्सव के अंतिम दिन आठ सितंबर को वार्ड 77 में सुबह 11 बजे और वार्ड 38 में दोपहर 2 बजे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।















