राजगढ़, 03 सितंबर।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शहर के अरनिया स्थित श्री खाटू श्याम धाम मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और संगीत से सराबोर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा और बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा।
आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जन्माष्टमी पर्व के चलते श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। समिति के अनुसार भजन संध्या शुक्रवार शाम 7.30 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगी।
कार्यक्रम में जयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका कृपा पटेल और ब्यावरा के गायक धीरज सोनी भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। दोनों कलाकार भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम की महिमा से जुड़े भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबोएंगे। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण और बाबा श्याम की भक्ति पर आधारित भजन आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
संगीत संगत में कीबोर्ड पर विनोद शर्मा, ऑक्टापैड पर शिवम तिवारी और ढोलक पर स्नेहा शर्मा प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की ध्वनि व्यवस्था बालाजी साउंड, ब्यावरा संभालेगा। जो श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए भजन संध्या का सीधा प्रसारण प्रेम वाणी स्टूडियो के यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा।















