मुरादाबाद, 03 सितंबर।
थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर पैरा टेबल टेनिस की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले मुरादाबाद के युवा खिलाड़ी कुणाल अरोड़ा को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में संतोष-अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कुणाल अरोड़ा के पिता और वरिष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी यशपाल अरोड़ा ने बताया कि उनका बेटा थैलेसीमिया से पीड़ित रहा है। बीमारी से संघर्ष करते हुए कुणाल ने खेल के मैदान में अपनी अलग पहचान बनाई और भारतीय टीम में भी चयनित हुए।
भारतीय टीम में चुने जाने के बाद फिनलैंड दौरे पर रवाना होने से पहले 23 अगस्त को नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में आयोजित कार्यक्रम में कुणाल को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम थैलेसीमिया से संघर्ष कर रहे योद्धाओं को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया था।
कुणाल के लिए यह अवसर उनके जीवन के यादगार पलों में शामिल रहा। उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें संतोष एवं अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया और उनके संघर्ष व सफलता की प्रशंसा की गई।
कुणाल अरोड़ा इससे पहले भी सम्मान हासिल कर चुके हैं। उन्हें फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ के हाथों भी पुरस्कार मिल चुका है।
बेटे की इस उपलब्धि से पिता यशपाल अरोड़ा और माता सोनिया अरोड़ा बेहद खुश और गौरवान्वित हैं। कुणाल की सफलता पर मुरादाबाद के लोगों में भी गर्व की भावना है।
उनकी खेल उपलब्धियों और संघर्षपूर्ण सफर के लिए कई क्लबों और संस्थाओं की ओर से भी कुणाल अरोड़ा को सम्मानित किया जा चुका है।















