रांची, 05 सितंबर।
राजधानी के मोरहाबादी मैदान में प्रतिष्ठित चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष 13 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। पिछले 31 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता को क्रीड़ा केन्द्र आयोजित करेगा।
प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि चैलेंजर ट्रॉफी ने रांची के साथ आसपास के जिलों में भी अपनी खास पहचान बनाई है। हर वर्ष फुटबॉल खिलाड़ियों, क्लबों और खेलप्रेमियों को इस प्रतियोगिता का बेसब्री से इंतजार रहता है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में सामाजिक-वैचारिक संगठन रांची रिवोल्ट जन मंच और लक्ष्य डिफेंस अकादमी के सदस्य भी सक्रिय सहयोग करेंगे। प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
डॉ. बब्बू के अनुसार, झारखंड में फुटबॉल खेल और खिलाड़ियों के लिए संजीवनी जैसा महत्व रखता है। यह खेल युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ मनोरंजन का भी प्रभावी माध्यम है।
इस बार चैलेंजर ट्रॉफी जीतने वाली टीम को 71 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये मिलेंगे।
इसके अलावा मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर समेत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार रखे गए हैं।
प्रतियोगिता को लेकर रांची और आसपास के इलाकों के खिलाड़ियों, क्लबों तथा फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। मोरहाबादी मैदान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं।















