मुंबई, 7 सितंबर।
कुणाल खेमू की आगामी एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'वाइब' का बहुप्रतीक्षित और ऊर्जा से भरपूर टाइटल ट्रैक 'ऐसी मेरी वाइब' आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। टिप्स म्यूजिक और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले आए इस गाने में फिल्म के सभी मुख्य कलाकारों का अनोखा स्वैग और अंदाज साफ झलकता है।
इस गाने को संगीतकार कनिष्क पाल ने बेहद शानदार तरीके से कंपोज किया है, जबकि इसे खिलारी और इरफाना ने अपनी आवाज से सजाया है। इसके कैची बोलों और जबरदस्त ऊर्जा ने रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा बटोर ली है।
गाने के वीडियो में अभिनेता कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर अपने स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस गाने की कोरियोग्राफी और फुल-गैंग सीक्वेंस फिल्म के किरदारों की अलग पहचान को बखूबी दर्शाते हैं।
फिल्म की कहानी दो पक्के दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी सामान्य जिंदगी अचानक एक खतरनाक एडवेंचर में बदल जाती है। इस फिल्म का निर्देशन और लेखन खुद कुणाल खेमू ने किया है, जो 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।















