नई दिल्ली, 29 सितंबर।
कमजोर वैश्विक संकेतों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में बाजार पर बिकवाली का दबाव हावी रहा और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों में गिरावट बढ़ती गई।
बीएसई का सेंसेक्स 138.04 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,633.68 अंक पर खुला। शुरुआत में हल्की खरीदारी से यह 72,684.90 अंक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद बिकवाली तेज हो गई।
कारोबार के पहले आधे घंटे में सेंसेक्स 700 अंक से अधिक टूटकर 72,064 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद निचले स्तरों पर खरीदारी से कुछ सुधार आया। सुबह 10 बजे सेंसेक्स 585.51 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,186.21 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 47.80 अंक यानी 0.21 प्रतिशत गिरकर 22,732.45 अंक पर खुला। शुरुआती मामूली खरीदारी से यह 22,753.20 अंक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया।
पहले आधे घंटे में निफ्टी 200 अंक से अधिक गिरकर 22,569.65 अंक तक पहुंच गया। बाद में खरीदारी से कुछ संभलने की कोशिश हुई, लेकिन तेजी टिक नहीं सकी। सुबह 10 बजे निफ्टी 178.25 अंक यानी 0.78 प्रतिशत गिरकर 22,602 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सुबह 10 बजे तक 2,453 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 621 शेयर बढ़त के साथ और 1,832 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल एक शेयर हरे निशान में रहा, जबकि 29 शेयर लाल निशान में थे। निफ्टी के 50 शेयरों में चार शेयर बढ़त और 46 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
प्रमुख कंपनियों में अदानी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, भारती एयरटेल और सन फार्मास्यूटिकल के शेयर 0.37 प्रतिशत से 0.09 प्रतिशत तक मजबूत रहे। टीएमपीवी, जियो फाइनेंशियल, एचडीएफसी लाइफ, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के शेयर 2.66 प्रतिशत से 1.65 प्रतिशत तक टूटे।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 1,124.02 अंक यानी 1.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,771.72 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत टूटकर 22,780.25 अंक पर बंद हुआ था।














