नई दिल्ली, 02 अक्टूबर।
गांधी जयंती के अवसर पर घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार बंद है। इसके बाद शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में बीएसई और एनएसई में अब सीधे 5 अक्टूबर को कारोबार शुरू होगा।
शेयर बाजार की तरह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में भी आज पूरी तरह अवकाश है। एमसीएक्स में दिन और शाम, दोनों कारोबारी सत्र बंद रहेंगे। यहां भी लगातार तीन दिन की छुट्टी के बाद 5 अक्टूबर से सामान्य कारोबार शुरू होगा।
स्टॉक एक्सचेंज की जानकारी के मुताबिक, गांधी जयंती के कारण बीएसई के इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव, करेंसी डेरिवेटिव, न्यू डेट सेगमेंट, रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, ट्राई पार्टी रेपो और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स में कारोबार नहीं होगा।
बीएसई के कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी दिन और शाम दोनों सत्रों में कारोबार बंद रहेगा। वहीं, एनएसई के इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स और सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स में भी अवकाश रहेगा।
एनएसई के करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में भी आज कारोबार नहीं होगा। इस तरह शेयर बाजार के सभी प्रमुख खंड गांधी जयंती के कारण बंद रहेंगे।
शेयर बाजार के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, अक्टूबर में अगली छुट्टी 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर होगी। इसके बाद 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा और 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव गुरु परब के कारण बाजार बंद रहेगा।
दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस के अवसर पर शेयर बाजार में अवकाश रहेगा। इस साल दिवाली 8 नवंबर को रविवार के दिन है, इसलिए इसे अलग से शेयर बाजार के अवकाश कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है।
दिवाली रविवार को होने के बावजूद शेयर बाजार में मुहूर्त कारोबार होगा। हालांकि, इसके समय की घोषणा बाद में की जाएगी।














