नई दिल्ली, 30 सितंबर।
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट के साथ हुई, लेकिन बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी बढ़ने से दोनों सूचकांक संभलकर हरे निशान में आ गए। बीच-बीच में मुनाफावसूली के कारण हल्का बिकवाली दबाव भी रहा, लेकिन खरीदारी का असर कायम रहा। शुरुआती एक घंटे के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.18 प्रतिशत की बढ़त में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई सेंसेक्स 87.92 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,441.15 अंक पर खुला। इसके बाद खरीदारों की सक्रियता बढ़ने से सूचकांक ने तेजी से वापसी की और हरे निशान में पहुंच गया। मुनाफावसूली के कारण बीच-बीच में बिकवाली हुई, लेकिन इसका बाजार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 315.59 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 72,844.66 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी ने 51.20 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,665 अंक पर कारोबार शुरू किया। शुरुआत के कुछ समय बाद खरीदारी बढ़ने से निफ्टी भी संभलकर हरे निशान में पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते बिकवाली के दौर आए, लेकिन खरीदारी का दबाव अधिक रहा। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 40.55 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,756.75 अंक पर कारोबार कर रहा था।
अब तक 2,886 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,130 शेयर बढ़त के साथ और 756 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 17 हरे और 13 लाल निशान में रहे। निफ्टी के 50 शेयरों में 26 में तेजी और 24 में गिरावट दर्ज की गई।
शुरुआती एक घंटे में टीसीएस, टेक महिंद्रा, विप्रो, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.99 प्रतिशत से 2.14 प्रतिशत तक मजबूत रहे। दूसरी ओर मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, अदानी पोर्ट्स और अदानी एंटरप्राइजेज के शेयर 5.13 प्रतिशत से 1.38 प्रतिशत तक कमजोर रहे।
इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 242.65 अंक यानी 0.33 प्रतिशत गिरकर 72,529.07 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 64.05 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,716.20 अंक पर बंद हुआ था।














