नई दिल्ली, 1 अक्टूबर।
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट के बाद सुधार का रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत सेंसेक्स और निफ्टी में कमजोरी के साथ हुई और बाजार खुलने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों की गिरावट कुछ बढ़ी। इसके बाद खरीदारी बढ़ने से बाजार में रिकवरी शुरू हो गई। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.06 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स 287.40 अंक यानी 0.40 प्रतिशत फिसलकर 72,192.89 अंक पर खुला। शुरुआत में बिकवाली के दबाव के चलते यह 72,187.62 अंक तक नीचे गया। इसके बाद खरीदारी शुरू होने से सूचकांक में तेजी आई और सुबह 10 बजे से कुछ पहले सेंसेक्स हरे निशान में पहुंच गया।
लगातार खरीदारी के चलते सुबह 10 बजे के कुछ बाद सेंसेक्स 90 अंक से ज्यादा चढ़कर 72,572.90 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली के कारण इसकी बढ़त कुछ कम हुई। सुबह 10:15 बजे शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 41.49 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,438.80 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 76.75 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,543.70 अंक पर खुला। शुरुआती बिकवाली के कारण यह करीब 35 अंक और गिरकर 22,508.05 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारी बढ़ने से निफ्टी में सुधार का रुख बना और सुबह 10 बजे के कुछ बाद यह 22,610.60 अंक तक पहुंच गया।
निफ्टी के हरे निशान में आने से पहले ही बाजार में फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इसकी कमजोरी बढ़ने लगी। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 46.75 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,573.70 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती एक घंटे में 2,938 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 923 शेयर बढ़त में और 2,015 शेयर गिरावट में रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 10 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी के 50 शेयरों में 15 शेयर बढ़त में और 35 शेयर गिरावट में रहे।
दिग्गज कंपनियों में कोटक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 3.05 प्रतिशत से 1.39 प्रतिशत तक मजबूत रहे। दूसरी ओर बजाज ऑटो, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एटरनल, आयशर मोटर्स और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 6.91 प्रतिशत से 2.09 प्रतिशत तक कमजोर रहे।
इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 72,480.29 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 22,620.45 अंक पर बंद हुआ था।














