नई दिल्ली, 08 अक्टूबर।
टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ट्रैवल सिम की सुविधा शुरू करेगी। एयर इंडिया के ब्रांड के तहत तैयार यह ‘ईजीरोम’ सिम टाटा कम्युनिकेशंस के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसके जरिए यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की सुविधा मिलेगी। यात्री इसे एयर इंडिया के समर्पित वेबपेज से भौतिक सिम कार्ड या ई-सिम के रूप में खरीद सकेंगे। इस सेवा के जरिए विदेश में यात्रा के दौरान कॉलिंग और डेटा सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। शुरुआत में सिम कार्ड मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार रोमिंग पैक के लिए भुगतान करना होगा। यह सुविधा उत्तर अमेरिका, यूरोप, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, एशिया-प्रशांत और पश्चिम एशिया के कुल 30 देशों में उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया के अनुसार ईजीरोम सिम के जरिए उसके करीब 30 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी मिल सकेगी। सेवा में 1 जीबी तक मुफ्त डेटा की सुविधा के साथ अंतरराष्ट्रीय रोमिंग पर 50 प्रतिशत तक की बचत का लाभ भी दिया जाएगा। कंपनी का कहना है कि टाटा कम्युनिकेशंस का ईजीरोम सिम विदेश पहुंचते ही यात्रियों को कनेक्टेड रहने में मदद करेगा। इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए रोमिंग और कनेक्टिविटी को आसान बनाना है, ताकि विदेश यात्रा के दौरान कॉल और इंटरनेट सेवाओं का उपयोग अधिक सुविधाजनक तरीके से किया जा सके।














