वेलिंगटन, 08 अक्टूबर।
न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज बीजे वाटलिंग भारतीय टीम के खिलाफ दिसंबर की शुरुआत में होने वाली आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की टेस्ट सीरीज के बाद टीम के नए बल्लेबाजी कोच की भूमिका संभालेंगे। वह ल्यूक रोंची की जगह लेंगे। वाटलिंग 16 नवंबर से न्यूजीलैंड के सहयोगी स्टाफ के साथ जुड़कर रोंची के साथ काम शुरू करेंगे और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चार टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान औपचारिक रूप से बल्लेबाजी कोच का पद संभालेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव रखने वाले वाटलिंग ने न्यूजीलैंड के लिए 75 टेस्ट में 3,790 रन बनाए, जिसमें आठ शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। उनके करीब 3,400 रन विकेटकीपर के तौर पर आए, जो इस भूमिका में किसी न्यूजीलैंड खिलाड़ी के सर्वाधिक रन हैं। विकेट के पीछे भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा और उन्होंने 265 शिकार किए, जो न्यूजीलैंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले वह उस न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थे, जिसने भारत को हराकर पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता था।
नई जिम्मेदारी को लेकर वाटलिंग ने उत्साह जताते हुए मौजूदा टीम और सहयोगी स्टाफ के साथ काम करने को विशेष अवसर बताया। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में टीम की उपलब्धियों की सराहना की और विश्व स्तरीय टीम में अपना योगदान देने की इच्छा जताई। टेस्ट कप्तान टॉम लैथम ने भी वाटलिंग के टीम में लौटने का स्वागत किया और उनके मेहनत व दृढ़ संकल्प की तारीफ की। लैथम के मुताबिक, वाटलिंग ने बतौर खिलाड़ी यह साबित किया कि ब्लैककैप्स टीम का हिस्सा होने का क्या मतलब है और मैदान पर हर अवसर पर उनका समर्पण स्पष्ट नजर आता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी के रूप में दिखाई देने वाला वही रवैया अब वाटलिंग की कोचिंग में भी देखने को मिलेगा। वाटलिंग की नियुक्ति से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी विभाग को उनके लंबे अंतरराष्ट्रीय अनुभव और खेल की गहरी समझ का लाभ मिलने की उम्मीद है।











